महमवासियों ने दिया साथ देने का आश्वासन
विधायक बलराज कुन्डू ने कहा कि अदा करुंगा बड़े भाई का फर्ज
महम
रविवार को पंजाबी धर्मशाला महम में सन्नी छाबड़ा की शोक सभा थी। यह शोक अचानक रोष सभा में बदल गई जब शोकसभा समाप्त होते ही सन्नी की पत्नी प्रियंका ने कहा ’मेरा कोई भाई नहीं है! आप सब महमवासी मेरे भाई बनकर मुझे न्याय दिलवाओ। मेरा तो घर उजड़ गया, किसी और का घर ना उजड़े।’ इस पर शहरवासियों ने हाथ खड़े करके प्रियंका को न्याय दिलवाने का आश्वासन दिया। सभा में मौजूद विधायक बलराज कुन्डू ने कहा कि आज से वो प्रियंका के बड़े भाई हैं। उसे हर हाल में न्याय मिलेगा। महंत सतीश दास ने भी कहा कि प्रियंका बेटी को न्याय दिलवाने के लिए वे उसका साथ देंगें।
सन्नी छाबड़ा ने सल्फास खाकर आत्महत्या कर ली थी। सन्नी ने सुसाइड नोट में महम में एक निजी स्कूल संचालिका कनिका गिरधर पर उसे फंसाने तथा उसके पैसे ऐठने का आरोप लगाया है। सन्नी ने कनिका के पति रमेश गिरधर, भाई विनोद भाटिया तथा एक अन्य महिला रोजी मनचंदा तथा बसंतलाल गिरधर के साथ-साथ उसके बच्चों को भी नामजद किया है। प्रियंका के बयान पर इस संबंध मंे महम थाने में मामला दर्ज हुआ है।
शोकसभा में आरोपियों के प्रति जबरदस्त गुस्सा था। जोगेंद्र गिरोत्रा तथा भीष्म दुआ ने तो राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा पर आरोपियों को बचाने तक का आरोप लगा दिया। उनका कहना था सांसद के भाई आरोपियों में से एक को बचाने महम पुलिस थाने आए थे, जहां उनके साथ शहरवासियांे की बहस भी हुई थी।
विधायक बलराज कुन्डू ने कहा कि सन्नी छाबड़ा को न्याय अवश्य मिलेगा। वे इस संबंध में स्थानीय पुलिस से बात कर रहे हैं। सन्नी की पत्नी ने कहा कि उसके पति को षड़यंत्र में फंसा रखा था। अगर आरोपियों को सजा नहीं मिली तो किसी और का घर भी बर्बाद हो सकता है। इधर सांसद रामचंद्र जांगड़ा ने कहा है कि उन्होंने आरोपियों को कड़ी सजा दिलवाने के लिए पुलिस अधिकारियों से बात की है। वे आरोपियों को बिल्कुल नहीं बचाएंगे। उनके भाई के पुलिस थाने जाने की उन्हें जानकारी बाद में मिली। उसे इस संबंध में समझा दिया गया है।
फोन से हो रहे हैं चौकाने वाले खुलासे
जानकारी मिली है कि सन्नी के फोन से चौकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। कनिका गिरधर लगातार सवालों के घेरे में आती जा रही है। यहां यह बताना भी आवश्यक है कि कनिका और सन्नी की उम्र में भी काफी अंतर था। सन्नी कनिका से बहुत छोटा था। सीसीटीवी फुटेज से पता चलता है कि सन्नी बुधवार को लगभग तीन घंटे तक कनिका के घर था। सन्नी ने इसी दौरान या इस समय के आसपास ही सल्फास खाई है। सन्नी ने सुसाइड नोट में आरोप लगाया है कि उसे मरने के लिए मजबूर किया गया है। मामला प्रेम संबंधों के साथ-साथ पैसे के लेन-देन से भी जुड़ा हुआ है।
अभी तक नहीं हुई है गिरफ्तारी
इस मामले में अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। सन्नी को मौत शुक्रवार को सुबह तीन बजे के आसपास हो चुकी थी। शुक्रवार देरशाम तक उसका अंतिम संस्कार भी कर दिया गया था। नागरिकों ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए महम थाने के सामने धरना दिया तथा रास्ता भी जाम किया था। इधर पुलिस का कहना है कि इस मामले में गहनता से जांच जारी है। आरोपियों को बक्शा नहीं जाएगा। इंदु दहिया/ 8053257789
24c न्यूज की खबरें ऐप पर पढ़ने के लिए डाउनलोड करें 24c न्यूज ऐप नीचे दिए लिंक से
Link: https://play.google.com/store/apps/details?id=com.haryana.cnews