सभा के गठन के 50 साल पूरे होने पर अग्रसेन स्कूल में होगा भव्य आयोजन
महम, 14 नवंबर
अग्रवाल सभा महम के गठन के 50 साल पूर्ण होने पर सभा के महाराजा अग्रसेन स्कूल की सैमाण रोड़ स्थित सीनियर विंग में एक भव्य समारोह का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए स्कूल परिसर में जोरदार तैयारियां चल रही हैं। स्कूल के प्रबंधक अनिल राय गोयल तथा प्राचार्या सीमा सहगल ने बताया कि अग्रवाल सभा के प्रधान जितेंद्र गोयल की देखरेख होने वाले इस समारोह के मुख्यातिथि समाजसेवी संजय अग्रवाल होंगे। अध्यक्षता अजय गोयल करेंगे जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में विजय मित्तल उपस्थित रहेंगे।
सुबह दस बजे से आरंभ होने वाले इस समारोह में अग्रवाल के संस्थापक सदस्यों तथा अब तक के सभी प्रधानों को सम्मानित किया जाएगा। जो प्रधान अब इस दुनिया में नहीं हैं, उनके परिजनों को सम्मानित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त सभा के संस्थापक सदस्यों को भी सम्मानित किया जाएगा। समारोह में स्कूल की वार्षिक रिपोर्ट भी प्रस्तुत की जाएगी तथा स्कूल के मेधावी विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया जाएगा। इस आयोजन के लिए स्कूल के विद्यार्थियों ने शानदार सांस्कृतिक कार्यक्रम भी तैयार किए हैं। ये कार्यक्रम भारत के विभिन्न राज्यों की लोकसंस्कृतियों तथा शैक्षणिक, सामाजिक तथा मनोवैज्ञानिक परिस्थितियों पर आधारित हैं।
ये रहे हैं अग्रवाल सभा के प्रधान
अग्रसेन स्कूल में लगे सम्मान पट के अनुसार अग्रवाल सभा के पहले प्रधान लाला ब्रह्मानंद गोयल थे। 18 नवंबर को लाला ब्रह्मानंद गोयल की प्रतिमा भी स्कूल परिसर में स्थापित की जाएगी। उसके बाद क्रमशः कृष्ण अग्रवाल, लाला शेर सिंह गोयल, सज्जन कुमार गोयल, राजेंद्र प्रसाद गुप्ता, जयप्रकाश गोयल, पवन कुमार गोयल, जनार्धनदास गोयल प्रधान बने। इनके बाद एक बार फिर लाला ब्रह्मानंद गोयल प्रधान बने और इनके बाद वेदप्रकाश गोयल, जयदेव गोयल और फिर से सज्जन कुमार गोयल प्रधान बने। इनके बाद विजय कुमार मित्तल, सुरेश चंद्र गोयल तथा इनके बाद पवन कुमार गोयल दोबारा प्रधान बने। इनके बाद राजेंद्र प्रसाद गुप्ता, अशोक कुमार गोयल, सचदेव गोयल, सुशील कुमार गुप्ता और फिर दोबार जयदेव गोयल प्रधान बने। इनके बाद कृष्ण कुमार गोयल प्रधान बने। बीच में कुछ समय एडहॉक कमेटी रही तथा तहसीलदार प्रशासक के रूप में नियुक्त हुए। इसके बाद डा. अर्जुन गोयल प्रधान बने। इनके बाद अनिल राय गोयल और वर्तमान में जितेंद्र गोयल प्रधान हैं। इंदु दहिया/ 8053257789
24c न्यूज की खबरें ऐप पर पढ़ने के लिए डाउनलोड करें 24c न्यूज ऐप नीचे दिए लिंक से
Link: https://play.google.com/store/apps/details?id=com.haryana.cnews