सूचना देने के एक घंटा बाद मौके पर पहुंची पुलिस
एक नशेड़ी से नशा छोड़ने की शपथ भी दिलवाई
महम, 10 नवंबर
महम में नशे के खिलाफ एक बार फिर मुहिम तेज होती दिख रही है। इस बार भी नागरिक ही आगे आ रहे हैं। पुलिस का अभियान तो पुलिस-पब्लिक सम्मेलन के साथ ही इतिश्री होता दिखाई दिया। हालांकि अपनी जान जोखिम में डाल कर नशे के खिलाफ खड़े नागरिकों को पुलिस की कितनी मदद मिलती है यह देखने वाली बात रहेगी।
गुरुवार को समाजसेवी रोशन फौजी के नेतृत्व में नागरिकों की एक टीम ने चौबीसी के चबूतरे के पास सरेआम नशे के इंजेक्शन लगाते नशेड़ियों को पकड़ा। रोशन फौजी ने बताया कि इस संबंध में पुलिस को भी सूचित भी किया गया। बताया गया कि पुलिस सूचना देने के बाद एक घंटे बाद मौके पर पहुंची। इस बीच एसपी रोहतक को भी सूचित किया गया। हालांकि पुलिस द्वारा कहा गया कि पंचायती चुनावों में ड्यूटी होने के कारण पुलिस बल अतिरिक्त व्यस्त है। इस कारण से कुछ समय लग गया।
दरअसल बंद हो चुके नौरंग रेस्टोरंट के पीछे कुछ युवक नशे के इंजेक्शन लगा रहे थे। रोशन फौजी ने मौके पर जाकर उन्हें समझाया। एक युवक ने तो जल हाथ में लेकर आगे जीवन में कभी भी नशा न करने की शपथ भी ली। इस दौरान मौके पर बहुत से व्यक्ति भी एकत्र हो गए थे।
रोशन का कहना है कि वे लगातार नशे के खिलाफ अभियान चला रहे हैं। उन्हें धमकियां भी मिल रही है। उनके साथ हाथापाई भी की गई।
पुलिस को नामजद शिकायत दी
रोशन ने बताया कि पैट्रोल पंप के पास एक व्यक्ति नशा बेचता है। युवक यहीं से नशा खरीदकर इंजेक्षन लगाते है। यहीं कारण है कि इस क्षेत्र में अधिकतर बार आसपास ही नशेड़ी मिल रहे हैं। नशा बेचने के आरोप में एक व्यक्ति के खिलाफ नामजद शिकायत पुलिस को दी गई है। रोशन ने बताया कि इस व्यक्ति को उसकी दुकान पर जाकर समझाने का प्रयास भी किया गया, लेकिन यह नहीं मान रहा।
फिलहाल महम में नशे के खिलाफ अभियान फिर से चर्चा में है। इंदु दहिया/ 8053257789
24c न्यूज की खबरें ऐप पर पढ़ने के लिए डाउनलोड करें 24c न्यूज ऐप नीचे दिए लिंक से
Link: https://play.google.com/store/apps/details?id=com.haryana.cnews