पालिका कर्मचारियों ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
पार्षद के पति ने निरीक्षक के खिलाफ करवाया था मामला दर्ज
पालिका कार्यालय में शराब के नशे में मिले थे सफाई निरीक्षक
महम, 19 जनवरी
महम नगरपालिका के सफाई निरीक्षक ब्रह्मजीत के मामले में नया मोड़ आ गया है। सफाई निरीक्षक ने भी महम पुलिस को पालिका पार्षद के पति के खिलाफ शिकायत दी है। निरीक्षक ने पालिका सचिव को भी लिखित शिकायत दी है। पालिका कर्मचारी निरीक्षक के बचाव में आए हैं। इधर पालिका पार्षदों ने इस मामले में बैठक की है। पालिका कर्मचारियों ने सफाई निरीक्षक के पक्ष एसडीएम को ज्ञापन सौंपा है।
सफाई निरीक्षक ब्रह्मजीत ने चैकी इंचार्ज को दी शिकायत में कहा है कि वह 13 जनवरी को दोपहर बाद छुट्टी पर था। उसने अपने दोस्तों के साथ लोहड़ी का त्यौहार मनाया था। शाम को तीन व चार बजे के बीच वह अपनी गाड़ी लेने पालिका कार्यालय में आया था। यहां उसके साथ वार्ड 13 की पालिका पार्षद के पति सुनील उर्फ लीलू ने कई अन्य को बुलाकर उसके साथ मारपीट की। सफाई निरीक्षक का कहना है कि उसने कुछ दिन पहले अधिकारियों के आदेश पर कुछ होर्डिंग तथा बैनर हटवाए थे। इन्हीं की रंजिश के कारण उसके साथ यह मारपीट की गई है।
इसी प्रकार की एक शिकायत ब्रह्मजीत ने पालिका सचिव को भी दी है। इसके बाद महम नगरपालिका कर्मचारियों ने ब्रह्मजीत के पक्ष में मिटिंग की। कर्मचारियों के प्रधान बंसीलाल ने कहा कि इस मामले में सफाई निरीक्षक के साथ हैं। उसे न्याय दिलवाने के लिए किसी भी स्तर पर आंदोलन करना पड़ा, तो करेंगे। कर्मचारियों ने एसडीएम महम को इस संबंध में ज्ञापन सौंपा है।
नहीं हुआ समझौता
इस संबंध में पार्षदों ने भी बैठक की है। इसके बाद पार्षदों ने पालिका सचिव के साथ भी बैठक की। इस बैठक में ब्रह्मजीत को भी बुलाया गया। इस बैठक में फिलहाल आपसी समझौता नहीं हो पाया। पार्षद के पति सुनील ने बताया कि वे इस मामले में कमीशनर तथा स्थानीय निकाय मंत्री से मिलेंगे। ब्रह्मजीत के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की जाएगी। सुनील का कहना है कि घटना के दिन ब्रह्मजीत आधा दिन की छुट्टी पर नहीं था। मामला तूल पकड़ने के बाद उसने छुट्टी लगाई है। इधर ब्रह्मजीत का कहना है कि वे इंसाफ के लिए यूनियन के पास गए हैं। उसके साथ मारपीट हुई तथा उसकी मानहानि हुई है। उन्हें विश्वास है कि उन्हें इंसाफ मिलेगा।
पहले भी हुए हैं समझौते के प्रयास
जानकारी मिली है कि ब्रह्मजीत के परिजनों के बीच-बचाव के चलते इस मामले में समझौते के लिए घटना के ही प्रयास चल रहे थे। समझौता होने के आसार भी बन गए थे, लेकिन इसके बाद फिर से बात बिगड़ गई। अब मामले के आगे और अधिक तूल पकड़ने की संभावना है। ध्यान रहे कि 13 जनवरी को सफाई निरीक्षक ब्रह्मजीत पालिका कार्यालय परिसर में नशे में थे। वार्ड 13 की पालिका पार्षद के पति सुनील उर्फ लीलू का कहना है कि ब्रह्मजीत ने उसके साथ बदतमीजी की है। ब्रह्मजीत को उसकी समय पुलिस के हवाले कर दिया गया था। ब्रह्मजीत के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया था। इंदु दहिया/ 8053257789
24c न्यूज की खबरें ऐप पर पढ़ने के लिए डाउनलोड करें 24c न्यूज ऐप नीचे दिए लिंक से
Link: https://play.google.com/store/apps/details?id=com.haryana.cnews