गांव का हर बच्चा स्कूल और खेल के मैदान जाए-महाबीर सिंह
महम, 26 अक्टूबर
महम चौबीसी के गांव फरमाणा खास में हुई लड़कियों की वॉलीबाल प्रतियोगिता में रोहतक की टीम विजयी रही है। जबकि दूसरा व तीसरा स्थान फरमाणा खास की लड़कियों की टीमों ने प्राप्त किया। प्रतियोगिता का आयोजन महिला संगठन फरमाणा खास के सौजन्य से किया गया। मुख्यातिथि समाजसेवी महाबीर सिंह थे। विशिष्ट अतिथि पूनम सहारण रही।
महाबीर सिंह ने इस अवसर पर अपने संबोधन में कहा कि वे चाहते हैं कि गांव फरमाणा की युवा पीढ़ी शिक्षा तथा खेलों में अपना भविष्य बनाए। इसके लिए उन्होंने ग्रामीणों से मिलकर जो शुरुआत की थी, उसके सकारात्मक परिणाम आने लगे हैं। हालांकि अभी हमें बहुत कुछ करना है। उनका सपना है कि गांव का हर बच्चा स्कूल में तथा खेल के मैदान में जाए। यदि कोई बालक या बालिका सुविधाओं के आभाव में ऐसा नहीं कर पाएगा तो वो अपनी तरफ से उसकी सहायता करेंगे। सुविधाओं के अभाव में किसी भी प्रतिभा को समाप्त नहीं होने दिया जाएगा।
महाबीर ने कहा कि उन्हें ग्रामीणों को भरपूर सहयोग मिल रहा है। विश्वास है कि यह सहयोग इसी प्रकार मिलता रहेगा। वह दिन दूर नहीं जब बड़ी प्रतियोगी परीक्षाओं में फरमाणा के बच्चे अव्वल आएंगे तथा खेलों में अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर जौहर दिखाएंगे। उन्हें समर्थन मिलता रहा तो गांव में आधुनिक खेल के मैदान होंगे और आधुनिक डिजीटल पुस्तकालय होगा, जिस पर सोलर लाइटें लगी होंगी। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताओं का आयोजन गांव में लगातार करवाया जाता रहेगा। पूनम सहारण ने कहा कि गांव की बेटियों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। बस उन्हें मंच मिलने की देरी थी। अब हमारी बेटियों ने चमकना आरंभ कर दिया है।
इस प्रतियोगिता की विजेता टीम को 11 हजार रूपए तथा उपविजेता टीम को 51 सौ रूपए का नकद पुरस्कार तथा ट्राफी दी गई। तीसरे स्थान पर आने वाली टीम को 31 सौ रूपए तथा ट्राफी दी गई। मैच में रैफरी की भूमिका एनआईएस कोच संदीप सिंह तथा सुखबीर सिंह ने निभाई। (विज्ञप्ति) इंदु दहिया/ 8053257789
24c न्यूज की खबरें ऐप पर पढ़ने के लिए डाउनलोड करें 24c न्यूज ऐप नीचे दिए लिंक से
Link: https://play.google.com/store/apps/details?id=com.haryana.cnews