भारत विकास परिषद् के दीवाली मिलन समारोह में थे मुख्यातिथि
तंबोला तथा म्यूजिकल चेयर खेलों का हुआ आयोजन
राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा ने कहा है कि भारतीय संस्कृति दुनिया की श्रेष्ठ संस्कृति है। भारतीय संस्कृति तथा संस्कारों को अपना कर हम आए दिन आ रही वैश्विक चुनौतियों का सामना कर सकते हैं। रामचंद्र जांगड़ा भारत विकास परिषद् की महम शाखा के सौजन्य से आयोजित किए गए दीवाली मिलन समारोह में बतौर मुख्यातिथि अपना संबोधन दे रहे थे।

उन्होंने कहा कि वे नियमित रूप से अपने घर में हवन यज्ञ करते हैं तथा भारतीय संस्कारों तथा संस्कृति को अपना कर अपना जीवन यापन करते हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय जीवन पद्दति को अपनाकर हम महामारी पर भी काबू पा सकते हैं। सांसद ने दीवाली की शुभकामनाएं भी दी।

भारत विकास परिषद् के प्रांतीय सदस्य दिनेश गुप्ता ने बताया कि महाजनान धर्मशाला में हुए इस आयोजन में महम शाखा के सदस्य सपरिवार शामिल हुए। इस अवसर पर संगीत व नृत्य कार्यक्रमों के अतिरिक्त तंबोला तथा म्यूजिकल चेयर आदि का आयोजन भी किया गया। विजेताओं को सम्मानित किया गया। आयोजन के दौरान कोराना महामारी से संबंधित सावधानियों तथा दिशा निर्देशों का पालन किया गया। इस अवसर पर डा.कृष्ण लांबा, प्रधान अशोक गर्ग, सचिव सुशील गुप्ता, कोषाध्यक्ष सुशील गोयल, वेद पांचाल, विजय रोहिला, डा. सुदेश शारदा तथा रामअवतार बंसल आदि सदस्य उपस्थित रहे।
