गांव खेड़ी में चौपाल का शिलान्यास करते सांसद दीपेंद्र हुड्डा

आगामी विधान सभा चुनावों में बनेगी कांग्रेस की सरकार

  • गांव खेड़ी में किया चौपाल का शिलान्यास 

राज्यसभा सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने कहा है कि हरियाणा ने बदलाव की करवट ले ली है। सत्ता का परिवर्तन अवश्य होगा। कांग्रेस की सरकार बनेगी। भाजपा-जाजपा सरकार से हरियाणा की जनता अत्यंत दुःखी है। सांसद दीपेंद्र महम विधानसभा के गांव खेड़ी में चौपाल का शिलान्यास करने के बाद ग्रामीणों को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व मंत्री आनंद सिंह दांगी ने की। 

दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि एक वक्त था जब हरियाणा हर क्षेत्र में नंबर वन था। आज यह प्रदेश बेरोजगारी, महंगाई और अपराध में आगे है। वर्तमान सरकार ने हर वर्ग के मान सम्मान को ठेस पहुंचाई है। किसान को आतंकी बताया, ओपीएस की मांग कर रहे कर्मचारियों पर लाठी बरसाईं यहां तक कि छोटी सरकार कहे जाने वाले सरपंचों को भी नहीं बख्शा। देश का गौरव बढ़ाने वाले खिलाड़ियों तक को अपमानित किया जा रहा है। खिलाड़ियों को धरने पर बैठना पड़ रहा है। सफाई कर्मचारियों तथा चौकीदारों ने भी अपने हकों की आवाज उठाई तो उन्हें भी अपमानित किया गया।

उन्होंने भाजपा और जाजपा के गठबंधन को भ्रष्टाचार का गठबंधन बताया। कहा कि दोनों मिलकर प्रदेश को लूट रहे हैं। सरकार के भ्रष्टाचार की पोल खुद सरकार के विधायक तथा सांसद ही खोल रहे हैं। 

प्रदेश की जनता तो पिछले चुनाव में भी भाजपा सरकार को बदलना चाहती थी। 75 पार का नारा देने वाली भाजपा 40 सीटों पर सिमट गई। भाजपा को जमुना पार भेजने की घोषणा करने वाली जजपा ने भाजपा के ही साथ मिलकर सरकार बना ली। सांसद ने बुढ़ापा पेंशन को 6000 रुपए करने तथा पुरानी पेंशन योजना लागू करने आदि के कांग्रेस के वादों की भी घोषणा की।

दीपेंद्र हुड्डा ने कहा है कि चुनाव आने वाले हैं। सत्ता बल, धन बल और मीडिया बल भाजपा के पास है। उनके पास केवल जनता का आशीर्वाद है और लोकतंत्र में जनता का आशीर्वाद ही सर्वोपरि होता है। उन्होंने प्रदेशवासियों को बाबा साहेब अंबेडकर जयंती की बधाई भी दी। 

आनंद सिंह दांगी ने इस अवसर पर कहा कि गांव खेड़ी ने हमेशा ही उनका साथ दिया है। इस गांव से विधानसभा तथा लोकसभा चुनावों में लगातार कांग्रेस की जीत होती रही है। उन्होंने कहा कि चौधरी भूपेंद्र सिंह हुड्डा के सीएम काल में महम हलका विकास में प्रदेश में नंबर वन था। शिक्षा तथा स्वस्थ्य की अग्रणी सुविधाएं थी। सरकारी नौकरियों में यहां के युवाओं को प्राथमिकता दी जाती थी। लेकिन अब महम विधानसभा क्षेत्र शिक्षा, स्वास्थ्य, विकास तथा नौकरियों आदि हर मामले में पिछड़ रहा है। उन्होंने सांसद दीपेंद्र हुड्डा को हरियाणा की आशा और विश्वास बताया तथा कहा कि प्रदेश की जनता इस नौजवान की ओर देख रही है।

इस अवसर पर डॉ. कृष्ण कुमार लांबा, बलराम दांगी, निर्मला राठी, सरपंच समुंद्र, धर्मराज खेड़ी, अजीत सिंह खेड़ी, जगत सिंह काला, रामकिशन मोखरा, राजकुमार ढाका, आशीष फरमाना, धर्मवीर वकील तथा सोमनाथ गिरोत्रा आदि भी उपस्थित रहे। इंदु दहिया/ 8053257789

24c न्यूज की खबरें ऐप पर पढ़ने के लिए डाउनलोड करें 24c न्यूज ऐप नीचे दिए लिंक से

Link: https://play.google.com/store/apps/details?id=com.haryana.cnews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *