एएसपी कृष्ण लोचब की अध्यक्षता में एसआईटी गठित
सन्नी सुसाइड मामले में आरोपियों की गिफ्तारी की मांग को लेकर सन्नी पक्ष का अनिश्चितकालीन धरना दूसरे दिन भी जारी रहा। महम के लघु सचिवालय में चल रहे इस धरने को समर्थन देने शुक्रवार को विधायक बलराज कुंडू धरना स्थल पर पहुंचे! इधर इस पुलिस ने इस केस की जांच के लिए एक एसआईटी गठित करने की घोषणा की है। एएसपी कृष्ण लोचब की अध्यक्षता में गठित इस एसआइटी में अशोक कुमार इंस्पेक्टर, विकास कुमार सब इंस्पेक्टर शामिल हैं।
इस बीच धरने पर मौजूद आंदोलनकारी रात को भी धरना स्थल पर डटे रहे। दिनभर पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। आरोप है कि रोहतक अदालत से अग्रिम जमानत याचिका खारिज होने के बाद भी पुलिस मुख्य आरोपी कनिका को गिरफ़्तार नही कर रही है। पुलिस ना जाने किस दबाव में है कि आरोपियों को बचाने का प्रयास कर रही है। धरना स्थल पर डॉ. ओपी चिटकारा, दीवान चंद, जोगिंदर गिरोत्रा, भीष्म दुआ, कालू रल्हन आदि नागरिक मौजूद रहे। आंदोलनकारियों में काफी संख्या में महिलाएं भी शामिल हैं।
हर कदम पर साथ दूंगा-विधायक
विधायक बलराज कुंडू ने मौके पर पहुंचकर सन्नी पक्ष को आश्वासन दिया कि वे हर कदम पर उनका साथ देंगे। सन्नी पक्ष अपने आपको अकेला ना समझे। विधायक ने पुलिस अधिकारियों से बात भी की। उन्होंने बताया कि पुलिस अधिकारी उनसे मिलने आएंगे। विधायक ने खुद भी रविवार को फिर से उनके बीच आने का आश्वासन दिया।
कहीं राजनीतिक फेर में तो नही फस रहा है मामला
धरना स्थल पर चर्चा है कि मामला राजनीतिक फेर फस रहा है। लोगों का कहना है कि आरोपियों को राजनीतिक संरक्षण प्राप्त है, यही कारण है कि आरोपियों की अभी तक गिरफ्तारी नही हो रही। पुलिस के सुर भी लगातार बदलते रहे। हालांकि आरंभ में पुलिस आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार करने की बात कर रही थी।
धरना स्थल पर एएसपी हेमेन्द्र मीणा तथा विधायक बलराज कुंडू के बीच हुई गर्म बहस भी चर्चा का विषय रही। कहा गया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विधायक ने एएसपी से फोन पर बात की थी। दोनों के बीच गर्म बहस हुई। इस मामले की जांच एएसपी हेमेन्द्र के पास ही थी। शुक्रवार को इस केस की जांच के लिए एसआइटी गठित हुई है। गौरतलब है कि महम के सन्नी छाबड़ा ने जहरीला पदार्थ खा कर आत्महत्या कर ली थी। इस मामले मुख्य आरोपी कनिका सहित कुल सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज है। इंदु दहिया/ 8053257789
24c न्यूज की खबरें ऐप पर पढ़ने के लिए डाउनलोड करें 24c न्यूज ऐप नीचे दिए लिंक से
Link: https://play.google.com/store/apps/details?id=com.haryana.cnews